बदकन शाहपुर में निर्माणाधीन गोशाला में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल होने से नाराज उपजिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान का खाता सीज कर दिया। साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए है। लेखपाल को गोचरा की पूरी भूमि की नाप करके कब्जा मुक्त करने को कहा है। वहीं, हिंदू बैदपुर ग्राम पंचायत की गोशाला में निर्माण कार्य में देरी पर ग्राम प्रधान और पंचायत सेक्रेटरी को नोटिस दिया गया है।
ग्राम पंचायत बदकन शाहपुर में भगवानपुर ऊसराहार मार्ग पर बन रही ग्राम पंचायत निधि से गोशाला का निरीक्षण शुक्रवार को उपजिलाधिकारी ताखा सत्यप्रकाश ने किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने गोशाला के लगाई जा रही निर्माण सामग्री को मानकविहीन बताया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को यह भी बताया कि लेखपाल द्वारा पूरी गोचरा की भूमि का माप नहीं किया गया है। दबंग आज भी लेखपाल और प्रधान से मिलकर जमीन पर खेती कर रहे हैं।
इस पर उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने निर्माण सामग्री को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेज दिया। साथ ही ग्राम प्रधान जसवंत सिंह के खाते को सीज कर दिया। मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी के कई दिनों से न पहुंचने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपाल से पूरी जमीन का मापन कर सीमांकन कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्राम पंचायत हिंदू बैदपुर में प्रस्तावित गोशाला के निर्माण में देरी को लेकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस दिया है। उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि ताखा में ग्यारह स्थानों पर गोशाला निर्माण कार्य चल रहा है। दस दिनों में पूरा काम करके गोवंश को पहुंचा दिया जाएगा।