इटावा/उदी। चंबल पुल पर बुधवार सुबह गिट्टी भरा ट्रक खराब होने से भीषण जाम लग गया। करीब दो घंटे पुल के दोनों तरफ हल्के और भारी वाहन फंसे रहे। एक समय ऐसा भी आया कि बाइक सवारों का निकलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय थाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जाम में फंसे लोगों ने उच्चाधिकारियों को फोन कर जानकारी दी तब पुलिस हरकत में आई।
जाम सुबह करीब छह बजे लगना शुरू हुआ था। आठ बजे तक पुल के दोनों तरफ एक से दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। स्कूल, कालेज जा रहे छात्र भी वैन और बसों में फंसे रहे। आठ बजे के बाद पुलिस ने दोनों तरफ के वाहनों को एक तरफ से निकलवाना शुरू किया। रास्ता संकरा होने और वाहनों के आड़ा तिरछा खड़ा होने की वजह से गाड़ियां रेंगकर गुजरती रहीं। पुल पार करने में ही वाहनों को आधा से एक घंटा लग गया। दोपहर करीब एक बजे ट्रक के सही होने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
परीक्षा देने जा रहीं छात्राएं भी फंसीं
बीएससी नर्सिंग की परीक्षा देने भिंड जा रहीं 25 छात्राएं भी जाम में फंसी रहीं। परीक्षा देकर लौटी छात्राओं ने बताया कि वे देर से पहुंचने के बाद उनका पेपर ठीक नहीं हुआ।