माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले सहायता प्राप्त स्कूलों (एडेड) के शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच होगी।
शासन के आदेश के बाद विद्यालयों में हड़कंप है। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों से शिक्षकों के कागजात एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने को कहा है।
डीआईओएस राजू राणा ने इन प्रधानाचार्यों से कहा है कि उनके विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया जाना है। इस संबंध में सभी प्रधानाचार्य सभी शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेख तथा उनकी दो-दो स्वप्रमाणित फोटोकापी डीआईओएस कार्यालय में एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध करा दें।
डीआईओएस ने यह भी साफ कहा है कि यह बेहद महत्वपूर्ण मामला है इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसे लेकर एक प्रारूप भी भेजा गया है। इसी प्रारूप पर सूचनाएं मांगी गईं हैं।
माध्यमिक एडेड विद्यालयों में कार्यरत कुछ शिक्षकों के कागजातों में गड़बड़ियां पाए जाने के बाद सरकार ने सभी शिक्षकों के कागजातों का सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद ही अब सभी एडेड विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के कागजातों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसे लेकर खलबली मची है। एक सप्ताह में इन शिक्षकों के कागजात आ जाने के बाद सत्यापन का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।