चकरनगर (इटावा)। भंडारे में बची फेंकी गई सब्जी खाने से पांच गोवंशों की मौत हो गई। पशु चिकित्सक के गांव न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राहुल शंखवार ने बताया कि सूचना मिलने पर चिकित्सकों की टीम को मौके पर भेजा था, लेकिन तब तक गोवंशों की मौत हो चुकी थी।
चकरनगर के सहसों गांव निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि सोमवार को भंडारे में मट्ठा आलू बनी थी। मंगलवार को बची सब्जी को गांव के बाहर फेंक दिया गया था। सब्जी खाने से पांच गोवंशों की हालत बिगड़ गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पशु चिकित्सक को दी, लेकिन रात तक पशु चिकित्सक नहीं पहुंचे। इलाज में देरी होने के कारण मंगलवार रात शक्ति सिंह, देवेंद्र यादव, शिवा कुशवाहा, भूरे चक और अमित कुमार के एक-एक गोवंश की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक के खिलाफ नारेबाजी की। डॉक्टर राहुल संखवार ने बताया कि गोवंशों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि हुई है।