फोटो 13: पैथालॉजी में खून की जांच करवाते मरीज। संवाद
इटावा। जिले में डेंगू के साथ टाइफाइड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले एक माह में टाइफाइड के 56 नए मरीज सामने आए हैं। यह संख्या पिछली बार के 22 मरीजों से दोगुनी है, जो चिंता का विषय है।
डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मंगलवार को कुल 1290 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें वायरल बुखार, जुकाम और गले के संक्रमण के मरीज भी अधिक थे। डॉक्टरों के अनुसार, बदलते मौसम में डेंगू और टाइफाइड के मरीज ज्यादा आ रहे हैं।
मेडिसिन विभाग के डॉ. सौरभ यादव ने फ्रिज का ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और बाहरी खाने से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर के परामर्श के बाद ही एंटीबायोटिक का सेवन करें।
-
डेंगू के सात व टाइफाइड के चार मरीज पॉजिटिव मिले
इटावा। जिले में लगातार डेंगू के मामले में बढ़ रहे हैं। इसमें बच्चे, बड़े व वृद्ध डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 214 मरीजों में डॉक्टर ने डेंगू, टाइफाइड मलेरिया के लक्षण दिखने पर उनके खून की जांच करवाई गई। इस दौरान 38 मरीजों की डेंगू की जांच की गई, इसमें सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसमें सात मरीज ओपीडी में डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इसी तरह 96 मरीजों की टाइफाइड की जांच की गई। इसमें चार मरीज पॉजिटिव पाए गए जबकि 80 मरीजों की मलेरिया की जांच की गई, जिसमें कोई मरीज पॉजिटिव नहीं मिला। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि डेंगू के लक्षण दिखने पर उनकी जब जांच की गई तो उसमें डेंगू की पुष्टि हुई। सभी मरीजों का पैरा मेडिकल स्टाफ की देखरेख में इलाज चल रहा है। (संवाद)