डिवाइडर से टकरा गई और सड़क किनारे सर्विस रोड पर पलट गई।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हाईवे पर आईटीआई के पास रविवार को सुबह कार को ओवर टेक कर अचानक ट्रक चालक के ब्रेक लगा देने से कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार में सवार साले, बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने चालक को ट्रक के साथ हिरासत में ले लिया है।
आगरा के मोहल्ला औलिया रोड रकाब गंज निवासी दिनेश कुमार राना (47)नोएडा के सेक्टर 82 स्थित स्टेट बैंक की शाखा में प्रबंधक पद पर थे। वह अपने बहनोई विश्वकर्मा ग्रीन पश्चिमी पुरी बोदला आगरा निवासी सुबोध कुमार वर्मा (55), आगरा के ही छोटे बहनोई राजकुमार व छोटे भाई सिद्धार्थ राना के साथ इंडिगो कार से काम से लखनऊ गए थे। रविवार की सुबह वह लोग आगरा लौट रहे थे।
सुबह लगभग छह बजे जैसे ही उनकी कार हाईवे पर आईटीआई के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को ओवरटेक किया। ओवर टेक करने के बाद ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे कार चला रहे दिनेश राना कार को कंट्रोल नहीं कर सके और उनकी कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। अचानक कार के ट्रक में घुसने से कार में सवार लोगों में चीखपुकार मच गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को कार से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने दिनेश राना व सुबोध कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल सिद्धार्थ व राजकुमार ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलने पर परिजन व रिश्तेदार इटावा आ गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्ट मार्टम के बाद परिजन शव को लेकर आगरा लौट गए।