फोटो 06:::: सीसीटीवी कैमरे में कैद हादसा। स्रोत वीडियो ग्रैब
इटावा। रोडवेज बस स्टैंड परिसर में सोमवार दोपहर पार्सल कार्यालय के पास खड़ी कार में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। पार्सल इंचार्ज ने बस चालक और परिचालक पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने घटना को सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी कही है।
पंजाबी कॉलोनी करमगंज निवासी जसपाल सिंह भदौरिया एवीजी लॉजिस्टिक पार्सल में इंचार्ज हैं। रोडवेज बस स्टैंड परिसर में उनका पार्सल कार्यालय है। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे उनकी कार स्टैंड परिसर में खड़ी थी। इसी दौरान रोडवेज ने उनकी कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि बस चालक और परिचालक बस में मौजूद थे। बस के अंदर शराब की बोतल और गिलास रखे थे। उन्होंने चालक और परिचालक पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि टक्कर के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया, जबकि परिचालक भी कुछ समय बाद वहां से चला गया। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। जसपाल सिंह ने आशंका जताई कि चालक और परिचालक की मंशा उन्हें नुकसान पहुंचाने की थी। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।