नेशनल हाइवे पर रविवार शाम बाइक से जा रहे भट्ठा मालिक को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया।
पुलिस, पीएसी तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। हादसे के बाद कार सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस इस नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगा रही है।
नेशनल हाइवे पर जमुना बाग के निकट ईंट भट्ठे के मालिक हाकिम सिंह (60) पुत्र रोशन लाल ग्राम घनश्यामपुरा थाना जसवंतनगर शाम को बाइक से भट्टे की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही कार ने उन्हें रौंद दिया।
घटनास्थल पर ही हाकिम सिंह ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। उन्होंने शव को बीच सड़क पर रखकर दोनों तरफ जाम लगा दिया।
घटना की जानकारी लगते ही उपजिलाधिकारी जसवंतनगर हंसराज यादव, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर विनय चौहान, पुलिस, पीएसी घटनास्थल पर पहुंच गए। लगभग एक घंटे तक जाम खुलवाने के लिए अधिकारी और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई।
उपजिलाधिकारी के मुआवजा दिलवाने के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।