आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नगला बरी के पास पलटी कार।
- फोटो : amarujala
बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र के नगला बरी गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर लखनऊ से दिल्ली जा रही एक कार गाय से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई और कार सवार चार लोग घायल हो गए। उन्हें मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है।
जैतपुर दिल्ली निवासी दानिश (30) कार से साथी मुकर्रम, इमरान सैफी, वसीम सैफी , विरासत खान निवासी लुहारपुरा गाजियाबाद के साथ लखनऊ गए थे। सोमवार देर रात वे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से दिल्ली लौट रहे थे। चौबिया थाना क्षेत्र के नगला बरी गांव के पास उनकी कार सामने से आई गाय से टकराकर पलट गई।
तभी वहां से गुजर रही यूपी-100 की गाड़ी के कमांडर दीपेंद्र सिंह ने लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर सीओ सैफई मोहनलाल और चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घायलों को मिनी पीजीआई सैफई भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने दानिश को मृत घोषित कर दिया।
अन्य चारों को भर्ती कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सैफई मोहनलाल ने बताया कि हादसे के शिकार लोग लोहे का कारोबार करते हैं। इसी काम से वह लखनऊ गए थे। लौटते समय हादसा हो गया। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।