कोतवाली क्षेत्र में एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति ने घर के दरवाजे पर गमछा से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
शहर के पुरबिया टोला नालापार मोहल्ला निवासी अरविंद वर्मा (46) पुत्र राजबहादुर कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। गुरुवार सुबह पत्नी सोकर उठी तो पति अरविंद को घर के दरवाजे पर फांसी पर लटका देखा।
अंगौछा को कुंडे में फंसाकर फांसी लगाई गई थी। अरविंद को फंदे पर लटका देख घर में चीख पुकार मच गई। आनन फानन शव को नीचे उतारा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबर मिलने पर पोस्टमार्टम पहुंचे अरविंद के साढ़ू कामाख्या प्रसाद ने बताया कि वह काफी समय से कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे।
इधर कुछ दिनों से परेशानी अधिक बढ़ने पर वे परेशान रह रहे थे। शायद इसी वजह से उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उनकी पत्नी प्राइवेट नौकरी करके परिवार का भरण पोषण कर रही हैं। मृतक के दो बेटियां और एक बेटा है। पिता की मौत से परिवार में मातम पसरा रहा।