जसवंतनगर। बलरई से जुगोरा व सिरसा बीबामऊ को जाने वाली 33 केवी बिजली लाइन का केबिल बॉक्स गुरुवार रात अचानक फट गया। इसके चलते इन सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस फाल्ट के चलते जुगोरा, नगला रामसुंदर, बहोरीपुर, निजामपुर, कोकावली, अंडावली, बहादुरपुर, नसीरपुर, पीहरपुर, खाका बाग, नगला छंद सिरसा, लखेरे कुआं, गारमपुर सहित 50 से अधिक गांवों में अंधेरा छा गया। फाल्ट ठीक न हो पाने के कारण दूसरे दिन शाम तक इन गांवों की बिजली गुल रही
33 केबी लाइन में यह फाल्ट दिल्ली–हावड़ा रेलवे लाइन के पास हुआ। इस तकनीकी खराबी के चलते जुगोरा और सिरसा बीबामऊ दोनों फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पूरी रात गांवों में अंधेरा रहा, वहीं शुक्रवार सुबह भी लोगों को पानी न मिल पाने से राजमर्रा के कार्य पूरा करने में काफी परेशानी हुई। घर की जरूरत और मवेशियों के लिए लोगाें को हैंडपंप से पानी जुटाना पड़ा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की परीक्षा दे रहे छात्र छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित रही। दूसरी ओर शुक्रवार भोर जसवंतनगर से बलरई जाने वाली 33 केवी लाइन पर घने कोहरे के कारण पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं।
इसके चलते ब्रेकडाउन हो गया। इससे करीब पांच से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और लगभग सौ गांवों की बिजली गुल रही। एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि जले हुए केबिल बॉक्स को ठीक कराने के लिए जिला मुख्यालय से तकनीकी टीम बुलाई गई है। मरम्मत का कार्य जारी है और देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।