जसवंतनगर। सैफई रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने किसान को लिफ्ट देने के बहाने मारपीट कर 10 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
गांव अजनोरा निवासी किसान नरेश सविता बुधवार सुबह करीब 11 बजे बस से सैफई चौराहे पर उतरे। वह घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचा। गांव तक छोड़ने की बात कहकर युवक ने नरेश को बाइक पर बैठा लिया। थोड़ा आगे जाकर युवक का साथी भी बाइक पर बैठ गया। खप्पर वाले बाबा के आश्रम के पास उन्होंने बाइक रोक दी और नरेश का थैला छीन लिया। विरोध करने पर मारपीट की और भाग निकले। थैले में 10 हजार रुपये थे।
पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। एसएसआई रमाकांत ने बताया कि बाइक सवारों का पता लगाया जा रहा है।