सोमवार को उन्नाव ट्रेन हादसे का हाल लेकर लौट रहे नार्दर्न रेलवे के जीएम की स्पेशल ट्रेन से शहर के फर्रुखाबाद रेलवे क्रासिंग के निकट एक बाइक टकरा गई। जबकि बाइक सवार भाग गए। रेल अधिकारी आरपीएफ के साथ मौके पर पहुंचे। स्पेशल ट्रेन को स्टेशन पर लाया गया। यहां जांच कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इसके चलते एक घंटे तक अप ट्रैक बाधित रहा।
सोमवार को जीएम नार्दर्न रेलवे आरके कुलश्रेष्ठ उन्नाव में हुई घटना के निरीक्षण के बाद जीएम स्पेशल ट्रेन से टीम के साथ नई दिल्ली वापस जा रहे थे। दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर फर्रुखाबाद क्रासिंग के निकट खंभा नंबर 1155/19/27 के बीच जीएम स्पेशल को आता देखकर ट्रैक पार कर रहे बाइक सवार बाइक ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गए। ट्रेन की टक्कर से बाइक का एक हिस्सा उसमें फंस गया। ट्रेन में सवार टीएक्सआर टीम ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद बाइक के हिस्से को निकाला। स्टेशन अधीक्षक आरके त्रिपाठी, आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह, सीएमआई मुकेश मणि मौके पर पहुंच गए। जीएम स्पेशल को 1:05 बजे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर लाया गया। आवाज आने के कारण जीएम स्पेशल के इंजन के साथ सभी कोचों को चेक किया। 1:35 बजे ट्रेन को रवाना कर दिया गया। इस दुर्घटना के चलते एक घंटे तक अप ट्रैकप्रभावित रहा। कई मालगाड़ी पीछे के सिगभनलों पर खड़ी रहीं। आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह ने बताया कि उन्होंने जीएम स्पेशल से टकराई सीटी 100 बाइक को कब्जे में लिया है। बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है। आरपीएफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।