घटना स्थल से आरपीएफ थाने लाई गई दूरंतो से टकराई बाइक
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को देर रात करीब 2:20 बजे दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर शहर के गुरु तेग बहादुर ओवरब्रिज के नीचे एक बाइक तेज रफ्तार दूरंतो से टकरा गई। बाइक इंजन के नीचे फंसने से ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और घटना की जानकारी कंट्रोल को दी। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। ड्राइवर ने दस मिनट बाद ट्रेन को आगे बढ़ा दिया। पहले सरायभूपत फिर जसवंतनगर स्टेशन के निकट इंजन में खराबी आ गई जिसपर ट्रेन को लूप लाइन में लगा दिया गया। इंजन फेल होने पर मालगाड़ी के इंजन को लगाकर सुबह करीब 6 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान अप ट्रैक पर कई ट्रेनें रोकी गई।
रविवार की रात इलाहाबाद से नई दिल्ली जा रही नान स्टाप ट्रेन 12275 अप दूरंतो शहर के गुरुतेग बहादुर ओवरब्रिज के निकट होम सिग्नल के पास स्थित खंबा नंबर 1156/31 पास पहुंची तभी इंजन से जोरदार आवाज के साथ कोई चीज टकराई। ड्राइवर ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। जब ड्राइवर ने नीचे उतरकर देखा तो इंजन के नीचे उसे एक बाइक फंसी दिखाई दी। मौके पर को बाइक सवार नहीं मिला। ड्राइवर ने इसकी जानकारी कंट्रोल को दी। इस पर आरपीएफ के बाबूलाल मीना व नेपाल सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। आरपीएफ ने जैसे तैसे बाइक को इंजन के नीचे से निकाला और ट्रेन को रात 2 बजकर 40 मिनट पर आगे के लिए रवाना कर दिया। ट्रेन सरायभूपत रेलवे स्टेशन पर 03 बजकर 07 मिनट पर पहुंची तो अचानक ही इंजन में कमी आ गई और ट्रेन खड़ी हो गई। इसके बाद ड्राइवर ने किसी तरह से फिर से इंजन को चालू कर लिया और 3 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन को आगे बढ़ा दिया। ट्रेन लगभग 10 किलोमीटर ही आगे चली थी कि ट्रेन का इंजन फेल हो गया। ऐसे में दूरंतो को जैसे तैसे लूप लाइन में लगाया गया और शिकोहाबाद से टीएक्सआर टीम को बुलाया गया। लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची टीम के कर्मचारियों ने काफी देर तक इंजन की मरम्मत की लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। जिसके बाद इंजीनियरों ने स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन लगाकर दूरंतो को सुबह 6 बजकर 02 मिनट पर आगे के लिए रवाना किया। इस सब के बीच अप ट्रैक पर 12417 प्रयागराज रात 02 बजकर 58 मिनट से 03 बजकर 12 मिनट पर इटावा स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस, संगम व रीवा एक्सप्रेस पीछे के स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
आरपीएफ ने दूरंतो से टकराई बाइक के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे की धारा 153 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे आरपीएफ प्रभारी डीपी सिंह ने बताया बाइक का रजिस्ट्रेशन किसके नाम है इसकी जानकारी की जा रही है।