फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा से ला रहे 24 लाख की शराब पकड़ी

Sat, 06 Jun 2015 11:13 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
बकेवर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा से अछल्दा ले जाई जा रही 24 लाख की शराब निबाड़ीकला के पास पकड़ी। यह डीसीएम से लाई जा रही थी। चालक को तो दबोच लिया गया पर गाड़ी में सवार दो अन्य लोग पुलिस को देखकर भाग निकले।
विज्ञापन


एसएसपी मंजिल सैनी के निर्देश पर बकेवर थाना पुलिस शुक्रवार की रात वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि महेवा से अछल्दा की ओर शराब से भरी एक डीसीएम जा रही है। इस पर एसओ बकेवर एके सिंह ने चौकी प्रभारी अहेरीपुर रजनीश यादव को चेकिंग के निर्देश दिए।

वह अछल्दा मार्ग पर टढ़वा कछियान गांव के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी महेवा की ओर से आती एक डीसीएम दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी को भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर गाड़ी को पकड़ लिया। इसी बीच मौका पाकर डीसीएम में सवार दो लोग भाग गए।
विज्ञापन


पुलिस ने जब गाड़ी को चेक किया तो उसमें शराब की पेटियां भरी थीं। जब चालक से शराब के कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। पुलिस ने चालक दीपक चौहान पुत्र अमर सिंह चौहान निवासी गेली थाना बेला जिला औरैया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डीसीएम को थाने में लाकर तलाशी ली तो उसमें 800 पेटी शराब मिली।

पूछताछ में चालक ने बताया कि वह हरियाणा से शराब लादकर आ रहा था। उसे यह सप्लाई अछल्दा में देनी थी। सप्लाई किसे देनी थी वह उसका नाम नहीं बता सका। उसका कहना था कि उसके मोबाइल पर केवल जानकारी दी जा रही थी। महेवा आकर एजेंट के दो साथी आकर डीसीएम में सवार हो गए थे।

बाद में पुलिस को देखकर वह भाग निकले। थानाध्यक्ष बकेवर एके सिंह ने बताया कि डीसीएम में भरी आठ सौ पेटी में कुल 40 हजार क्वार्टर बरामद हुए हैं। शराब हरियाणा की बनी है। पकड़ी गई शराब की कीमत 24 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि क्वार्टर पर संतरा मार्का का लेबल लगा था। शराब देशी है।
विज्ञापन


चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि वह व्यक्ति कौन है जिसके यहां शराब जा रही थी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें