जसवंतनगर (इटावा)। टीका लगुन में दी गई बाइक वधू पक्ष ने कार्ड बांटने के लिए मांगी तो दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद पथराव हो गया। इसमें कई लोग घायल जो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजने के साथ तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
पीहरपुर गांव निवासी राजेश कुमार के पुत्र गौरव का टीका चढ़ाया गया। वधू पक्ष ने टीका में अन्य सामान के साथ एक बाइक भी दी। टीका के बाद वधू पक्ष के लोगों ने शादी तक बाइक मांगी। उनका कहना था कि बाइक से शादी कार्ड बांटने सहित अन्य काम निपटा लेंगे। वर पक्ष के लोग बाइक देने के लिए तैयार नहीं हुए। इस पर दोनों पक्ष के लोगों में गाली गलौज शुरू हो गई। बात बढ़ने पर दोनों ओर से पत्थर चलने लगे। इसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बलरई थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी में जसवंतनगर में भर्ती कराया। हरगोविंद, आशीष कुमार और चंद्रशेखर के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।