शहर के मोहल्ला घटिया अजमत अली नाला किनारे क ी बस्ती में तीन मकानों की दीवारों में अचानक दरार आने से लोग भयभीत हैं। कहीं अचानक मकान भरभराकर गिर न जाए। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हाल ही में जल निगम की बिछाई गई नई पाइप लाइन में लीक होने के कारण यह सब हुआ है। इस पर गुरुवार को क्षेत्रवासियों ने हंगामा भी किया। एडीएम को ज्ञापन देकर समस्या दूर कराने और मुआवजे की मांग की गई।
मोहल्ला घटिया अजमत अली नाला किनारे की बस्ती में रह रहे पुलिसकर्मी निजामुद्दीन, मो. हामिद व मो. ताहिर के मकानों में गुरुवार को दरारें देखी गईं। यह देख मकान में रह रहे लोगों में भयभीत हो गए।
उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में यहां लोगों की भीड़ लग गई। जब बारीकी से देखा गया तो निजामुद्दीन के मकान के दो कमरे के फर्श भी नीचे से पोला होते पाए गए। इनमें से एक कमरे में तो फर्श में छोटा छेद भी हो चुका है। जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों का आरोप था कि जल निगम द्वारा डाली गई पाइप लाइन के लीक होने से मकानों को नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना था कि गली के बीच में बिछाई गई पानी की पाइप लाइन से पिछले कई दिनों से पानी लीक हो रहा था। जिससे पक्की गली के बीच में से पानी की तेज धार लगातार निकल रही थी।
इसकी शिकायत उन्हाेंने कई बार ठेकेदार व जलनिगम के अधिकारियों से की लेकिन किसी ने भी नहीं सुनी। इसी का नतीजा है कि मोहल्ले के कई मकानों में दरारें आने लगी हैं। लोगों को अपने घरों में रात गुजारने में भी डर लग रहा है कि उनका मकान कहीं अचानक ही भरभराकर न गिर जाए। क्षेत्रवासी एकत्र होकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे।
उनकी अनुपस्थिति में क्षेत्रवासियों ने अपर जिलाधिकारी ईश्वरचन्द्र को ज्ञापन देकर समस्या के निस्तारण और मकान को हुए नुकसान की भरपाई जलनिगम से कराए जाने की मांग की। जिसपर अपर जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन क्षेत्रवासियों को दिया।