बकेवर। जनता डिग्री कॉलेज और जनता विद्यालय इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शौर्य संवाद एवं मूवी स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। चार- यूपी बटालियन एनसीसी इटावा के निर्देश पर कैडेट्स को भारतीय सेना के साहस और तकनीकी कौशल से रूबरू कराया गया। लेफ्टिनेंट ब्रह्मानंद ने ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि साझा करते हुए बताया कि पिछले वर्ष 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा जवाब दिया था। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर करीब 102 आतंकियों को ढेर किया गया था।
अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. राजेश किशोर त्रिपाठी ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सेना से सेवानिवृत्त हवलदार इंद्रेश पांडे मौजूद रहे। जनता विद्यालय इंटर कॉलेज के लेफ्टिनेंट शिवेंद्र सिंह भदौरिया ने शहीदों को नमन करते हुए ऑपरेशन की बारीकियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त हवलदार इंद्रेश पांडे ने अपने सेवाकाल के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि भारत आज सैन्य तकनीक में विश्व का अग्रणी देश है।
संवाद कार्यक्रम के बाद कैडेट्स को ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इस पर पूरा हॉल भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। डॉ. नलिनी शुक्ला, डॉ. एके पांडे, डॉ. पीके राजपूत, डॉ. एमपी यादव, डॉ. नवीन अवस्थी, डॉ. मनोज यादव, अनिल कुमार, जयवीर सिंह, सुबोध कुमार शुक्ला रहे।