फोटो 51:: मतदान करने जाते सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव। संवाद
इटावा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव में पार्टी के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पत्नी सरला यादव के साथ मतदान करने पहुंचे शिवपाल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और मतदाताओं के वोट न पड़ने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी हुई है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
शिवपाल ने कहा कि कई जगह फार्म भरकर देने के बावजूद मतदाताओं के वोट न पड़ने की शिकायतें मिली हैं। यह प्रशासनिक गड़बड़ी है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से भी सतर्क रहने की अपील की। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पर इस चुनाव के असर के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका बहुत असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि स्नातक निर्वाचन में केवल स्नातक मतदाता ही मतदान करते हैं।
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान पर शिवपाल ने कहा कि उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था। यह अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इस मामले में पार्टी नेतृत्व से बात करनी चाहिए थी और आगे की कार्रवाई का निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर उन्होंने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और दूसरों को भी ऐसा नहीं करना चाहिए।