बीयर के नशे में बोलेरो चला रहे शख्स ने बाइक सवार भोजनालय संचालक की टक्कर मारकर जान ले ली। बोलेरो चला रहा युवक और उसका साथी पुलिस को चकमा देकर पैदल भाग गए।
टक्कर मारने के बाद बोलेरो पलट गई थी। उसमें बीयर की खाली और भरी केन मिलीं हैं।
बकेवर के पटेल नगर मोहल्ला निवासी अवनेश चंद्र शर्मा उर्फ लाल जी (53) का कस्बा के ही चौराहे पर भोजनालय है।
लालजी गुरुवार रात करीब आठ बजे हेलमेट लगाए बगैर बाइक से कुछ सामान खरीदने जा रहे थे।
कस्बा चौराहे पर चकरनगर-लखना मार्ग से आई एक तेज रफ्तार बोलेरो ने लालजी की बाइक में टक्कर मारी।
बाइक के उलझने से बोलेरो चंद कदम आगे जाकर पलट गई और लालजी बोलेरो के नीचे दब गए।
गंभीर रूप से घायल भोजनालय संचालक लालजी को जिला अस्पताल और फिर सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बोलेरो के पलट जाने पर गाड़ी चला रहा युवक और उसका साथी भाग गया। चौराहे पर मौजूद होमगार्ड व सिपाहियों ने उनका पीछा भी किया। दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
पुलिस को पलटी हुई बोलेरो के अंदर से बीयर की खाली और भरी केन मिलीं हैं। माना जा रहा कि उसमें बैठे दोनों युवक बीयर पीकर गाड़ी चला रहे थे।
इससे यह हादसा हुआ। भोजनालय संचालक के चार बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी 17 साल की बेटी और सबसे छोटा चार साल का बेटा है। घर में कमाने वाला कोई नहीं रहा।
लालजी की मौत से शुक्रवार को कस्बा बाजार पूरी तरह बंद रहा। उनके मिलने वालों ने बताया कि घर से भोजनालय की दूरी महज 50 मीटर होने की वजह से लालजी अक्सर बगैर हेलमेट पहने बाइक आते जाते थे।