फोटो संख्या 04 छोटेलाल की फाइल फोटो।
परिजनों ने अगवा कर हत्या करने की जताई आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। चार दिन पहले घर से लापता हुए मजदूर का शव गांव से एक किलोमीटर दूर कुएं में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने अगवा कर हत्या करके शव को कुएं में डालने की आशंका जताई है।
लवेदी थाना क्षेत्र के धौरखा गांव निवासी छोटेलाल (45) पुत्र राम लाल 29 फरबरी की रात घर के बाहर बने कमरे में सो रहा था। रात में जब उसकी पत्नी पूनम उठकर पति को देखने गई तो वह कमरे में नहीं था। कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। इसके बाद परिनजों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
छोटे लाल के लापता होने के तीसरे दिन रविवार शाम गांव से करीब एक किलोमीटर दूर धनीराम के खेतों के पास स्थित करीब 50 फीट गहरा कुंए में एक ग्रामीण ने शव उतराता देखा। उसने घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को बताई। कुंए में शव मिलने की सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के साथ शव को रस्सी से बाहर निकाला।
मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि उसके पति की गांव में किसी से भी रंजिश नहीं है। चेहरे पर चोट के निशान हैं, पत्नी व परिवार वालों ने छोटे लाल को घर से अगवा कर हत्या करने के बाद गांव के बहार कुएं में डालने की आशंका जताई है। छोटे लाल अपनी पत्नी, पुत्री काजल, पायल, वैष्णवी व जाह्नवी के साथ गांव में रहकर मजदूरी करता था।
घटना के बाद पत्नी और पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी सनत कुमार ने बताया कि छोटे लाल की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।