नहर में कूदे युवक का शव पुलिस को नहर का पानी बंद कराने के बाद सोमवार की सुबह चितभवन पुल के पास मिला। शव को देखकर नहर किनारे मौजूद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रविवार की शाम को सफाईकर्मी शहर के कटरा शमखेर खां निवासी शिवकुमार (25) पुत्र अनिल कुमार एवं मोहल्ले की ही ममता (28) पत्नी बृजेंद्र ने इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दतावली व चितभवन नहर पुल के बीच नहर में छलांग लगा दी थी।
राहगीरों ने महिला को नहर से सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक पता नहीं चल सका। देर रात तक पुलिस जाल और गोताखोरों की मदद से युवक को तलाश करती रही। सफलता नहीं मिली तो पुलिस ने नहर विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके पानी बंद कराया।
सोमवार की सुबह नहर में पानी कम हो जाने के बाद घटनास्थल से करीब पचास मीटर दूर चितभवन पुल के पास युवक का शव मिला। शव को देखकर वहां मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम होने के बाद नम आंखों के बीच परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।