इटावा। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। एसडीएम सदर मनोज कुमार ने सोमवार को बीएलओ की बैठक में घर-घर सत्यापन के निर्देश दिए।
उन्होंने छूटे हुए लोगों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मतदाता सूची में लिंगानुपात सुधारने के भी प्रयास किए जाएंगे। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली की तुलना पूर्व की सूची से होगी। इससे उन मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा जिनके नाम वर्तमान सूची में नहीं हैं। चिह्नित मतदाताओं की सूची तैयार कर उनका सत्यापन किया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
बीएलओ को घर-घर जाकर चिह्नित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का पता लगाने को कहा गया है। भौतिक सत्यापन में छूटे पात्र व्यक्ति का नाम फॉर्म-6 से शामिल कराया जाएगा। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर रहेगा। फॉर्म-6 के साथ निर्धारित घोषणापत्र का इस्तेमाल नहीं किया जाना है। आवेदन के साथ आधार कार्ड के अतिरिक्त अन्य अभिलेख भी अपलोड किए जा सकते हैं।