इटावा। जिले की 471 ग्राम पंचायत सचिवालयों में सोमवार से काम शुरू हो गया। कई ग्राम पंचायतों में बिजली, इंटरनेट की सुविधा न होने से दिक्कत आई। ज्यादातर सचिवालयों में पहले दिन परिवार रजिस्टर की नकलें, जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाए गए।
संवाद प्रतिनिधि भरथना के अनुसार सहजपुर ज्ञानपुर के पंचायत सचिवालय में बैठे पंचायत सहायक अमित कुमार पाल ने बताया कि अभी वाईफाई चालू नहीं हुई है। स्टेशनरी आ गई है। परिसर में लगा हैंडपंप खराब और शौचालय खस्ताहाल मिला। सचिव प्रशांत पोरवाल ने बताया कि हैंडपंप के रीबोर लिए पत्र लिखा गया है।
संवाद प्रतिनिधि बकेवर के अनुसार महेवा ब्लाक के नौधना गांव में किराये के कमरे में पंचायत सचिवालय शुरू किया गया। सचिव विजय रतन ने समस्याएं सुनीं। विधीपुर गांव के पंचायत भवन में बैठे सहायक मंजेश कुमार और प्रधान लाखन सिंह ने बताया कि पूर्व में तैनात सचिव महीनों तक नहीं आए। इससे काम ठप रहे। तुर्कपुर पहाड़पुरा में पंचायत सहायक लालजीत कौर बैठीं, सचिव उमाकांत ने अभी चार्ज नहीं लिया है। कुछ ग्रामीण प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचे। पंचायत सहायक ने बताया कि प्रवीण कुमार ने पुत्र का जन्म प्रमाणपत्र और पहाड़पुर के उमेश चंद्र ने पिता का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया है।
चकरनगर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार 10 सचिवालयों में लैपटॉप, प्रिंटर बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। हरौली में बीडीओ सतीश चंद्र पांडे ने सचिवालय का जायजा लिया। प्रधान मनीष दीक्षित ने मिठाई बांटकर सचिवालय में काम शुरू कराया। बिडोरी में पंचायत सचिव अमित कुमार, प्रधान राजकुमारी देवी ने भी मिठाई बांटी।
संवाद प्रतिनिधि जसवंतनगर के अनुसार कैस्त गांव में पंचायत सहायक नेहा गुप्ता ने अक्षय प्रताप सिंह और योगराज प्रताप सिंह के जन्म का पंजीकरण किया। नगला सलहदी में पंचायत सहायक रेनू पाल ने श्याम सिंह का मृत्यु प्रमाणपत्र बनाया और महावीर सिंह को परिवार रजिस्टर की नकल दी।