इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के हाईवे पर फूफई गांव के पास बाइक सवार लुटेरों ने शनिवार को बाइक से जा रहे दंपति को मारपीट कर लूट लिया। लुटेरे उनके पास से मंगलसूत्र, जंजीर व अन्य सामान लूट ले गए।
दिनदहाडे़ हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित दंपति ने इस घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची इकदिल थाना पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव पुठिया निवासी चरन सिंह पत्नी सरला देवी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इकदिल थाना क्षेत्र के हाईवे पर फूफई ओवर ब्रिज पर एक पल्सर सवार लुटेरों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली।
बाइक से उतरे लुटेरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक लुटेरे ने सरला देवी के गले में पड़ी सोने की जंजीर व मंगलसूत्र लूट लिया। अचानक हुई इस वारदात सें दोनों सन्न रह गए। वह कुछ समझ पाते लुटेरे फरार हो गए।
बाद में पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रू म को दी। सूचना पर इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी की। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन वे नहीं मिले। पीड़िता सरला देवी की तहरीर पर पुलिस ने पल्सर सवार लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।