बाइकर्स लुटेरों ने बकेवर थाना क्षेत्र के हाइवे पर परसूपुरा गांव के पास सोमवार की सुबह असलहों के बल पर ट्रक चालक से नकदी, सोने की अंगूठी व मोबाइल लूट लिया। लूट का शिकार हुए चालक ने सूचना बकेवर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने चालक को हड़काकर भगा दिया।
औरैया जिले के अड्डा सुंदरपुर गांव निवासी शिवपाल उर्फ पिंटू पुत्र रामहेत गुड़गांव निवासी राजेश जालान का कैंटर (ट्रक) का चालक है। वह अपने गांव के ही खलासी मोहित के साथ इंदौर से ट्रक में एक कंपनी की बाइक लादकर सप्लाई देने के लिए रनियां कानपुर के लिए रवाना हुआ था।
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे हाइवे पर परसूपुरा गांव के पास डीजल का पाइप लीक करने लगा। पाइप सही करने के लिए उसने ट्रक को रोका। जब वह लीकेज पाइप को ठीक कर रहा था तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन लुटेरे वहां पहुंचे और चालक-परिचालक को केबिन में ही बंधक बना लिया।
लुटेरों ने तमंचे की बटों से उन्हें पीटा। लुटेरे उनके पास से साढ़े 15 हजार रुपये, तीन मोबाइल, एक सोने की अंगूठी लूट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे बकेवर की ओर भाग निकले। बकौल पिंटू लूट की वारदात के बाद वह ट्रक को लेकर बकेवर थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने की बजाय उसे ही धमकाना शुरू कर दिया। उसका आरोप है कि उसने लूट में प्रयुक्त बाइक का नंबर पुलिस को बताया, तो पुलिस ने उसे कानपुर जाकर बाइक का नंबर पता लगाने के लिए कहा। पुलिस की हड़काने पर वह बिना रिपोर्ट दर्ज कराए ही ट्रक लेकर चला गया।
घटना की जानकारी उसने अपनी कंपनी को दी। थानाध्यक्ष बकेवर जेपी पाल ने बताया कि उनके संज्ञान में इस तरह की कोई वारदात नहीं है। अगर चालक आकर तहरीर देगा तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।