चितभवन नहर पुल के पास ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार मजदूर युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य हादसों में आठ लोग घायल हुए हैं।
इकदिल थाना क्षेत्र के तहत चितभवन नहर पुल के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजेे भरथना थाना क्षेत्र के बघेरा गांव निवासी सर्वेश (20) पुत्र वीरेंद्र सिंह की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
किसी फैक्टरी में मजदूरी करने वाले शादीशुदा सर्वेश हेलमेट पहन कर इटावा से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस व परिजन उन्हें सैफई पीजीआई ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलें भिडऩे से शाहग्रान नखासा मोहल्ला निवासी बाइक सवार बसीम खान और कांशीराम कालोनी निवासी दूसरा बाइक सवार छोटू घायल हो गए।
एक अन्य सड़क हादसे में फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के भरथना चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने मैनपुरी जिला के नगला कथुआ गांव निवासी बाइक सवार उपेन्द्र को टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चौबिया थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे एक अन्य सड़क हादसा हुआ। इटावा की ओर से आया मौरंग लदे ट्रक ने मुड़ते समय एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
जिसमें आगरा के पिनाहट थाना के पातीरामपुरा गांव निवासी मनोज कुमार घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से सैफई पीजीआई भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर शनिवार सुबह सैफई थाना क्षेत्र के टिमरुआ गांव के पास कार सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया।
गौतमबुद्ध नगर थाना बिसरख क्षेत्र निवासी सुबोध कुमार मिश्रा अपनी पत्नी ऋचा देवी व दो बच्चों के साथ गोरखपुर स्थित ससुराल से गौतमबुद्ध नगर जा रहे थे।
शनिवार सुबह एक्सप्रेस वे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जिसमें पति-पत्नी व उनके दोनों बच्चे घायल हो गए। पेट्रोलिंग कर रहे कर्मियों ने एंबुलेंस से तीनों को सैफई पीजीआई भेजा।