जसवंतनगर। हाईवे पर कार सवार युवकों ने एक बाइक सवार को लाठी-डंडों से पीट दिया। घटना पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
ग्राम कुंजपुरा, पोस्ट कैस्त, थाना वैदपुरा निवासी मोहित ने पुलिस को तहरीर दी। 13 मार्च की सुबह करीब 11 बजे वह अपने साथी सिंकू के साथ बाइक से जसवंतनगर बाजार से वैदपुरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह एनएच-2 स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तभी पीछे से आ रही कार ने अचानक मोड़कर उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से मोहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया और उसकी बाइक कार के नीचे फंस गई। आरोप है कि कार से उतरे तीन नामजद सचिन, विकास व शिवेंद्र जो निवासी ग्राम कुंजपुरा थाना वैदपुरा के बताए जा रहे हैं ने उसे लाठी-डंडों से पीट दिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया इस मामले में तीनों नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विकास व सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मारपीट तथा हत्या का प्रयास करने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रधानी के चुनाव की रंजिश का लग रहा है।