इटावा। विद्युत चेकिंग के दौरान विद्युत अधिकारियों पर हमला करने वालों पर कार्रवाई न होने व अधीक्षण अभियंता से सहयोग न मिलने पर विद्युत कर्मचारी संयुक्त समिति ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। यहां पुलिस कर्मियों से भी कर्मचारियों की नोकझोंक हुई। आक्रोशित विद्युत कर्मियों ने मुख्य अभियंता कानपुर क्षेत्र को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट उमेश कुमार मिश्रा को सौंपा।
एसडीओ द्वितीय लव कुमार वर्मा ने बताया कि उनके साथ दो दिन पूर्व शहर में करीब रात नौ बजे बिजली चोरी पकड़ने पर कुछ लोगों ने अभद्रता की थी। घटना की एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता से कोई सहयोग नहीं मिला, बल्कि मदद मांगने पर उन्होंने अपशब्द कहे। शुक्रवार को जब उनके कार्यालय पर अधिकारियों संग वार्ता करने पहुंचे तो उन्होंने पुलिस बुला ली। पुलिस ने वहां शांति से धरना दे रहे कर्मियों को बाहर कर दिया।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता को हटाने की मांग की। शाम करीब चार बजे के बाद तक जारी रहे धरना प्रदर्शन में विद्युत कर्मचारी संयुक्त समिति की ओर से सौरव झा, राजेंद्र सिंह, विवेक कुमार सिंह, लव कुमार वर्मा, सचिन कुमार आदि के अलावा अवर अभियंता उपस्थित रहे।
अधीक्षण अभियंता ने आरोपों को नकारा
इस बारे में अधीक्षण अभियंता प्रदीप खत्री ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सारे आरोपों को सिरे से नकार दिया। कहा इस समय लाइनलॉस78 प्रतिशत है। इस समय 45 से 46 डिग्री तापमान चल रहा है, जनता को बिजली उपलब्ध कराना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है।