बीएसएफ व पुलिस जवानों के बूटों की थाप से शनिवार को बीहड़ी क्षेत्र गूंजा। बीहड़ क्षेत्र चकरनगर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस व बीएसएफ ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च कर आम जनता को चुनाव के दौरान शांति व सुरक्षा का एहसास कराया।
एसडीएम चकरनगर मोहम्मद कमर की अध्यक्षता में बीएसएफ व पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही प्रशासन ने शांति एवं सुरक्षा के बीच चुनाव कराने की कवायद तेज कर दी है।
जवानों ने चकरनगर चौराहे से राजपुर रोड, चकरनगर तहसील से चंबल रोड तक और बीहड़ क्षेत्र चकरनगर के कई गांवों व सहसों थाना क्षेत्र, भरेह थाना क्षेत्र, बिठौली थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर चुनाव के दौरान अपराध व अपराधियों को चेतावनी दी। आम लोगों को शांति व सुरक्षा व्यवस्था का एहसास कराया। इस मौके पर बीएसएफ कंपनी कमांडर आरके सिंह, सीओ अरुण कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष सहसों देवेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष चकरनगर सुरेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष भरेह अनूप तिवारी, थानाध्यक्ष बिठौली इंद्रपाल सरोज प्रमुख रूप से मौजूद रहे।