सावन का आधा महीना बीतने के बाद सोमवार को करीब पौन घंटे हुई झमाझम बारिश से आमजनों से लेकर किसानों को बड़ी राहत मिली।
हालांकि जोरदार बारिश होने की संभावना रविवार से लग रही थीं, लेकिन काले बादल आए जरूर लेकिन बूंदाबांदी करने तक ही सीमित रहे।
इतना जरूर रहा की बदली होने और हवाएं चलने से उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली।
सावन के आधा महीने में यह तीसरी बारिश है। इससे पूर्व सावन में पहली बारिश 9 और 16 जुलाई को हुई थी। सोमवार को सोमवती अमावस्या होने से लोग इस बारिश को शुभ मान रहे हैं और आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की बात कह रहे हैं।
दूसरी ओर धान रोपने के लिए खेत को पानी न मिल पाने से किसान भी खुश हैं। सोमवार की सुबह की शुरुआत ही बदली और रिमझिम बारिश से होने पर लगा कि आज पूरे दिन ठंडक रहेगी।
लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी अपना असर दिखाने लगी। हालांकि जोरदार बारिश की वजह से शहर के कई निचले स्थानों पर जलभराव का नजारा भी देखने को मिला। कई सरकारी कार्यालयों के परिसर में पानी ठहर गया।