इटावा। कोतवाली क्षेत्र के भिंड रोड पर टिक्सी मंदिर के पास साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए इटावा आ रहे छात्र को पीछे से ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बढपुरा थाना क्षेत्र के गांव नगला बीरबल निवासी इच्छा राम बघेल का 16 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार बघेल इटावा के इस्लामिया इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। सोमवार को वह अपने घर से कोचिंग पढ़ने के साइकिल से इटावा आ रहा था। जब वह टिक्सी मंदिर के पास स्थित हनुमान मंदिर के सामने पहुंचा तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे राैंद दिया। हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो वह दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर आ गए। मृतक के पिता इच्छा राम बघेल कामेत के पास स्थित कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया महाविद्यालय में टीचर हैं। जानकारी मिलने के बाद कालेज के प्रबंधक बीर भान सिंह भदौरिया के अलावा कालेज का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ट्रक एवं चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।