घर से मॉर्निंग वॉक को निकले भूमि संरक्षण अधिकारी (बीएसए) पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर उन्हें तत्काल पास के एक निजी नर्सिंग होम ले गए। यहां डाक्टरों ने आपरेशन करके पेट में फंसी गोली को बाहर निकाला। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसएसपी, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। अफसर पर हमला क्यों किया गया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सहसों में भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर तैनात सुरेंद्र सिंह यादव (55) पुत्र स्व. महाराज सिंह यादव निवासी नगला मोती थाना कुर्रा जिला मैनपुरी वर्तमान में नई मंडी के पास मोहल्ला यदुवंशनगर में मकान बनाकर रह रहे हैं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वे रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले।
जैसे ही वे जुगरामऊ गांव की ओर चले कि बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पेट में और दो गोलियां बांह में जा धंसीं। सुरेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
हमलावरों के वहां से जाने के बाद सुरेंद्र ने हिम्मत दिखाई और वे करीब पचास कदम दूर निर्माणाधीन मकान तक पहुंचे। मकान पर मौजूद युवक उदयवीर ने उन्हें लहूलुहान हालत में देखा तो तत्काल पास में ही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
उदयवीर ने ही पुलिस को सूचना दी। भूमि संरक्षण अधिकारी को गोली मारे जाने की सूचना से अफसरों में हड़कंप मच गया। थोड़ी देर में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी नर्सिंग होम पहुंच गए। अफसरों ने नर्सिंगहोम के डाक्टरों से वार्ता की।
सूचना पर परिजन भी नर्सिंगहोम पहुंच गए। हमले की वजह जानने के लिए पुलिस अफसरों ने परिवारीजनों से पूछताछ की। परिजनों का कहना था कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वह खुद नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर जानलेवा हमला क्यों हुआ।
एसएसपी डा. राकेश सिंह, एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वरचंद्र, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद यादव के अलावा थानाध्यक्ष इकदिल दिनेशचंद्र शर्मा, एसओ सिविल लाइन विनोद यादव ने नर्सिंगहोम पहुंचकर उनका हाल जाना और पूछताछ की।
एसएसपी ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि भूमि संरक्षण अधिकारी को तीन बाइक सवार लोगों ने गोली मारी है। गोली क्यों मारी गई इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चला है। विभागीय दुश्मनी होने के बारे में जानकारी की जा रही है।