जिले के चार केंद्रों पर 1950 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
इटावा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से 31 मई यानी रविवार को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियां जिले में पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
जिला नोडल अधिकारी एवं कर्मक्षेत्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय (केकेडीसी) के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के चार केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इसके लिए कुल 1950 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा केंद्रों में जीजीआईसी, जीआईसी, इस्लामियां इंटर कॉलेज और केकेडीसी को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही केंद्रों पर पहुंचना होगा। सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।