रविवार को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ शनिवार को बैठक की।
दस केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात रहेगा।
परीक्षा में कोरोना से बचाव के लिए शासन से निर्धारित प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए जीआईसी, आर्यकन्या इंटर कालेज, इस्लामिया इंटर कालेज ब्लाक ए, इस्लामियां इंटर कालेज ब्लाक बी, केके डिग्री कालेज, केके इंटर कालेज, सनातन धर्म इंटर कालेज, शोराबाल बालिका इंटर कालेज, राजकीय महिला महाविद्यालय तथा जीजीआईसी को केन्द्र बनाया गया है। सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
परीक्षा के लिए एसडीएम चकरनगर, जसवंतनगर, सैफई, ताखा व भरथना को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। ये सभी परीक्षा पर नजर रखेंगे। पहली पाली 9 से 12 बजे तथा दूसरी पाली 2 से 5 बजे तक चलेगी।
जिलाधिकारी जेबी सिंह ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया है। बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए इटावा में भी परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
इन दिनों कोरोना सक्रमण के चलते काफी सावधानी बरती जा रही है ऐसे में परीक्षा केन्द्रों पर भी नियमों का पूरा पालन किया जाएगा। सभी केन्द्रों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठाया जाएगा। डीआईओएस राजू राणा ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने बताया कि परीक्षा कक्ष को सुबह की पाली एवं शाम की पाली से पहले सैनिटाइज कराया जाएगा।
सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। बगैर मास्क के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। तीन हजार अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।