बिजली की समस्या ऐसी है जिससे ग्रामीण ही नहीं बल्कि शहरी भी बुरी तरह जूझ रहे हैं।
शहर के अजीतनगर वार्ड की नारायन विहार कालोनी तथा अड्डा जालिम वार्ड के शिव नगर में बिजली का पोल न होने से 100 से 150 मीटर बिजली केबिल लगवाकर छतों और बल्लियों के सहारे घरों तक बिजली पहुंच रही है। शांति कालोनी के भगवान का अड्डा में बीच रास्ते मे रखा बिजली का ट्रांसफार्मर लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है।
अड्डा जालिम की सभासद रूबी कुशवाहा के प्रतिनिधि धर्मवीर कुशवाहा ने बताया शिवनगर में करीब 300 घर हैं, लेकिन किसी भी गली में बिजली का पोल नहीं लगा है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अधिशासी अभियंता को लिखित रूप से अवगत कराया पर कोई ध्यान नहीं दिया।
जल्द ही ऑनलाइन पोर्टल और ऊर्जा मंत्री को समस्या से अवगत कराएंगे। कुछ ऐसा ही नजारा अजीतनगर वार्ड की नरायन विहार कालोनी का है। यहां भी बल्लियों के सहारे बिजली केबिल घरों तक पहुंची है।
सभासद अनुपम अंबेडकर के प्रतिनिधि सुनील अंबेडकर का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के पास गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कहा एक पोल लग्ग जाने से लोगों को केबिल के नाम पर होने वाले खर्च से राहत मिलेगी।
बिल देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भगवान का अड्डा शांति कालोनी में बीच सड़क पर रखें ट्रांसफार्मर की वजह से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए सभासद व भाजपा नेता शरद वाजपेयी ने इसे हटवाने के लिए एसडीओ विवेक सिंह से मुलाकात की। बताया वह पहले भी इस समस्या से पहले ही उच्चाधिकारियों को अवगत करा चुके हैं।
भाजपा नेता ने गलियों में लटक रहे बिजली तार भी ठीक कराने की मांग की है। इस दौरान भाजपा नेता एसपी तोमर भी उपस्थित रहे।एसडीओ विवेक सिंह ने जल्द ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
----
इकनोर फीडर के कई गांवों को ढकाताल बिजली घर से जोड़ा
महेवा। बिजली समस्या लगातार बने रहने से इकनोर फीडर के कई गांवों को ढकाताल बिजली घर से जोड़ा गया है। अफसरों का कहना है कि इससे ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
शुक्रवार तड़के चार बजे से फाल्ट से खराब हुई बिजली आपूर्ति शनिवार दोपहर दो बजे तक ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में पानी की टंकी न भरने से लोग और भी परेशान रहे। गर्मी और सितम ढा रही है। इस बारे में जेई शशिकांत ने बताया कि भरथना से ही बिजली खराब है। महेवा स्थित बिजली घर से इकनोर फीडर के जुड़े करीब दर्जन भर गांवों को हटाकर ढकाताल बिजली घर से जोड़ा गया। बिजली घर महेवा से इकनोर फीडर, अंदावा, आहेरीपुर व अनंतराम फीडर को आपूर्ति दी जाती है। ढका पर बिजली घर बन जाने के बाद 5 से 10 गांव ही जुड़े हैं। इससे महेवा बिजली घर पर ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती थी। उपखंड अधिकारी के संज्ञान में लाने के बाद जेई महेवा ने महेवा बिजली घर से इकनोर ,नगला हरि ,हरिचनदी,दिलीप नगर ,मड़ैया ,रमऊपुर ,बराउख ,बंगलन ,नगला बसावन सिंह ,पठन ,अड्डा दिलीपनगर आदि की बिजली महेवा से हटाकर ढका बिजली घर से जोड़ दी है। भविष्य में मेहंदीपुर व परसौली को भी हटाकर जोड़ा जाएगा। अनंतराम क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव जो महेवा बिजली घर से जुड़े हैं, उन्हें अजीतमल से जोड़ने के लिए कवायद की जा रही है। अनंतराम क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव औरैया जनपद में हैं व बिजली महेवा से आपूर्ति होती है।
---
फोटो नारायन विहार में बल्लियों पर लटकती बिजली केबिल
--
अभियान में काटे आठ कनेक्शन, वसूले पौने दो लाख
बकेवर। लखना कस्बा में अवर अभियंता ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान चार लाख 35 हजार रुपये बकायेदारों के आठ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। साथ ही एक लाख 80 हजार रुपये की वसूली की गई।
एसडीओ भूप सिंह व अवर अभियंता कन्हैयालाल, लाइनमैन प्रेम कुशवाहा, सुरेश पांडेय, रामू कुशवाहा, महेंद्र यादव कल्लू, इंद्रेश पोरवाल, रामबीर सिंह, पप्पू पाल ने कालिका मुहाल, ठाकुरान मुहाल व गंज मुहाल, मानखां, कहारान मुहाल में बकायेदारों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर आठ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। बकायेदारों को नोटिस भी दिए गए। कहारान मुहाल में लाइन छज्जे के अंदर कर लेंटर डाले जाने की शिकायत नगर पंचायत लखना में की गई। लखना पुलिस चौकी पर भी करके नोटिस दिया गया। कटिया चोरों को पकड़ने के लिए अब रात के समय अभियान चलाया जाएगा ताकि इटावा जनपद को लाइनलॉस से बचाया जा सके।
फोटो-