बेसिक शिक्षा की खेल प्रोत्साहन योजना के तहत बढ़पुरा में खंड स्तरीय रैली का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। इसमें दौड़, कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिताएं कराई गई। इनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक डा. सर्वेश यादव ने किया।
प्राइमरी बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय लुहन्ना ने कामेत संकुल की प्राथमिक विद्यालय नगला गौर को 12-10 से पराजित किया। बालिका वर्ग में कामेत संकुल ने चांदनपुर संकुल को 19-12 से हराया। जूनियर बालक वर्ग में कामेत ने पिलखर को और बालिका वर्ग में कामेत ने चांदनपुर को 18-16 से हराया। खो-खो बालक व बालिका वर्ग में लुहन्ना संकुल विजयी रही।
जूनियर बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कसौआ उदी के निशांत प्रथम और कामेत विद्यालय के पुष्पेंद्र द्वितीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में नगला गौर के ऋषभ प्रथम, कसौआ के निशांत द्वितीय स्थान पर रहे।
लंबी कूद में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कांधनी के सोनू प्रथम, देसरमऊ के विकास दूसरे स्थान पर, बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय विक्रमपुर की निशा प्रथम, बाहुरी की अंजलि दूसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में उमाकांती प्रथम और निशा दूसरे स्थान पर रहीं। प्राइमरी वर्ग में बालक/ बालिकाओं की 50 मीटर दौड़ में राजा प्रथम, दिव्यांशु द्वितीय, शीलू प्रथम व निशा द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में पूरे विकास खंड के करीब 300 बच्चों ने प्रतिभाग किया ।
समापन अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी सुरेंद्र कुमार मौर्या ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार बांटे। इंद्रजीत सिंह, अमित यादव, वेद प्रकाश, नृपेंद्र प्रतियोगिता के निर्णायक रहे। रैली का आयोजन बढ़पुरा ब्लाक के व्यायाम शिक्षक अजय पाल सिंह यादव ने किया।