बकेवर। अक्षय तृतीया पर कंचन नगरी के नाम से विख्यात लखना कस्बे के सराफा बाजार में सन्नाटा है। लॉकडाउन के चलते सराफा व्यापारियों को लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित होने की चिंता है।
सराफा व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सोनी ने बताया कि अक्षय तृतीय के लगभग एक सप्ताह तक हर दिन कस्बे के बाजार में दस से पचास लाख रुपये का कारोबार होता है। इस बार लॉकडाइन के चलते सन्नाटा है। व्यापारी और ग्राहक दोनों परेशान हैं। खासतौर पर शादी वाले घरों में ज्यादा समस्या है।
अक्षय तृतीया को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त माना जाता है। हर साल 100 से अधिक शादियां इस दिन हो जाती थीं। लेकिन इस बार यह जश्न भी फीका है।
सुनीता सिंह बताती है कि अक्षय तृतीया पर सोने की कोई चीज खरीदना शुभ माना जाता है। लेकिन इस बार लग नहीं रहा कि कुछ खरीद पाएंगे। सभी दुकानें ही बंद चल रही हैं।
कीर्ति त्रिपाठी बताती है यूं तो कोरोना ने सभी को आर्थिक रूप से भी कमजोर किया है। फिर भी शगुन के तौर पर लोग छोटी-मोटी चीज खरीदना चाहते हैं। लेकिन इस बार ऐसा संभव नहीं लग रहा।
अमित सोनी बताते है कि पुराने और कुछ नए ग्राहक आभूषण के आर्डर नोट कराने के लिए फोन करते हैं लेकिन दुकानें बंद रहने के कारण उन्हें मना कर रहे हैं। लोग मंगलसूत्र तक के लिए परेशान हैं।
दुकानदार महेश वर्मा बताते है कि शासन और प्रशासन से जारी निर्देशों का पालन करते हुए फिलहाल दुकानें बंद कर रखी हैं।