हाईवे पर गांव सुनवर्षा के पास रविवार सुबह महेवा से सवारियां लेकर आ रहा आटो खड़े ट्रक में जा घुसा। हादसे में आटो सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव बम्हौरा निवासी नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव पुत्र छोटेलाल जयपुर में सिक्योरिटी गार्ड था। वह रिश्तेदारी में शादी में गांव आया था। रविवार को वह जयपुर जाने के लिए घर से निकला। सुबह करीब छह बजे वह हाईवे पर अजीतमल की ओर से आ रहे आटो में सवार हुआ। गांव सुनवर्षा के सामने आटो वहां खडे़ ट्रक में जा घुसा।हादसे में उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलाें को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। दीपक पुत्र रमेश कुमार निवासी अटसू थाना अजीतमल जिला औरैया, बबलू पुत्र अजमेर अली निवासी कुरसेना थाना जसवंतनगर व नौशाद पुत्र सत्तार अली निवासी रठगांव थाना बिधूना औरैया की हालत गंभीर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत चितभवन नहर पुल के पास हुई। जहां पैदल जा रहे आनंद बिहारी पुत्र मदन बिहारी निवासी सिरसा को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के जेवर गायब
मृतक नरेंद्र के भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह शादी के लिए जेवर लेकर जा रहा था। हादसे के बाद उसके जेवर गायब हो गए। जबकि पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कुछ नहीं मिला है।