इटावा। औरैया के एरवाकटरा थाने के कांस्टेबल को नौ दिन पहले गोली मारकर घायल करने के आरोपी 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर अनुज यादव को इटावा पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ में दबोच लिया। चकरनगर रोड स्थित गाती गांव के पास हुई मुठभेड़ में अनुज के सीधे पैर में गोली लगी है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा भी मिला है।
एसपी सिटी डॉ. रामयश सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के लगभग पौने चार बजे के करीब मुखबिर की सूचना के आधार पर बढ़पुरा थाना प्रभारी जीवराम व उनकी टीम तथा क्राइम ब्रांच प्रभारी सतेंद्र यादव की टीम ने चकरनगर मार्ग पर ग्राम बड़ी गाती के पास चेकिंग लगाई थी। इसी दौरान उदी की ओर से बिना नंबर की बाइक पर आ रहे औरैया के बिधूना थानांतर्गत चकरपुरा निवासी अनुज यादव पुत्र मोहर सिंह को रोकने का इशारा किया।
इस पर उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। आगे छोटी गाती गांव के मोड़ पर अनुज बाइक समेत गिर पड़ा। पुलिस को आता देख अनुज ने 315 बोर के तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने जवाबी फायर किया तो गोली अनुज के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। इसमें वह घायल हुआ है। इसके बाद घायल को एंबुलेंस से उदी चौकी प्रभारी वीनेश कुमार जादौन जिला अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज शुरू किया गया। अनुज के पास जो बाइक मिली है, वह भी चोरी की है।
एसपी सिटी ने बताया कि अनुज ने गत 26 अगस्त को औरैया जिले के एरवाकटरा थाने में तैनात कांस्टेबल देवेश ठेनुआ पुत्र भूरी सिंह निवासी ठेरिया थाना खनौली जिला आगरा को वाहन चेकिंग के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया था। कांस्टेबल का सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि उसके ऊपर दर्ज मुकदमों आदि की जांच की जा रही है।
कानपुर, कन्नौज, औरैया के थानों में दर्ज हैं 30 मामल
इटावा। देर शाम औरैया क्राइम ब्रांच टीम प्रभारी जितेंद्र कुमार टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और अनुज यादव से पूछताछ की। जितेंद्र कुमार ने बताया कि अनुज पर कानपुर, कन्नौज, औरैया आदि जनपदों के विभिन्न थानों में 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गत 26 अगस्त को अनुज व उसके एक साथी ने एरवाकटरा थाने की बरौनाकलां चौकी क्षेत्र में रात को चेकिंग के दौरान कर रहे सिपाही देवेश को गोली मार दी थी। इसके बाद अनुज पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की गईं थी। घटना के दो दिन बाद 28 अगस्त को औरैया की एरवाकटरा थाना पुलिस ने एनकाउंटर में अनुज के साथी अर्जुन उर्फ कन्हैया निवासी अनावर थाना एरवाकटरा औरैया को गिरफ्तार कर लिया था। इस एनकाउंटर में बरौना कलां चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार के हाथ में गोली लगी थी। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यदिवस में न्यायालय से अनुज के समर्पण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।