एसडी फील्ड चौकी से महज सौ कदम की दूरी पर मंगलवार शाम बाइक सवार लुटेरों ने ब्यूटी पॉर्लर संचालिका की चेन लूटने का प्रयास किया। महिला ने साहस कर चेन बचा ली, जिससे गले में खरोच के निशान आ गए। महिला, चौकी में शिकायत करने गई तो पुलिस कर्मियों ने उनको शास्त्री चौराहा भेज दिया, जहां पीड़िता ने चौकी प्रभारी को मामले की जानकारी दी।
इटावा शहर के प्रेम नगर निवासी संगीता दुबे उर्फ डॉली का घर के नीचे ब्यूटी पॉर्लर है। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे वह पॉर्लर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर गले में पड़ी सोने की चेन लूटने का प्रयास किया।
महिला ने चेन को कसकर पकड़ कर शोर मचा दिया तो लुटेरे चेन नहीं ले जा सके। छीनाझपटी में महिला के गले में खरोचे आ गई। महिला ने बताया कि बाइक सवार लुटेेरे मास्क लागए थे, जो हर्ष नगर की ओर भाग निकले। महिला ने जानकारी परिजनों को दी और एक दुकान में लगे सीसीटीवी चेक किया, जिसमें बाइक सवार लुटेरे कैद हो गए।
महिला सीसीटीवी फुटेज लेकर चौकी एसडी फील्ड पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने शास्त्री चौराहा में मौजूद चौकी प्रभारी धमेंद्र कुमार के पास भेज दिया। इस पर पीड़िता पति रामशंकर के साथ शास्त्री चौराहा पहुंची और चौकी प्रभारी से शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज दिए।
आरोप है कि चौकी प्रभारी ने पीड़ित को टरका दिया। एसडी फील्ड चौकी प्रभारी धमेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार लुटेरों की तलाश की जा रही है।