सैफई (इटावा)। सैफई में हेवरा कॉलेज के पास चोरों ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम की पाइप लाइन तोड़कर ऑयल चोरी करने की कोशिश की। चोरों ने पाइप लाइन तक आठ फीट का गड्ढा भी खोद लिया था लेकिन पुलिस का गश्ती दल निकलने पर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
हरियाणा के रेवाड़ी से कानपुर तक हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की जमीन के अंदर पाइप लाइन है। सैफई गांव में हेंवरा डिग्री कॉलेज के पास शनिवार देर रात चोरों ने पाइप लाइन से पेट्रोलियम पदार्थ चुराने के लिए आठ फीट का गहरा गड्ढा खोद डाला। चोर पाइप लाइन में सॉकेट लगाकर पेट्रोलियम पदार्थ निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस की गश्ती गाड़ी निकली। इस पर चोर सरिया, फावड़ा, वेल्डिंग मशीन आदि छोड़कर भागे।
उधर, पाइप लाइन में छेड़छाड़ से कंपनी के कानपुर हेड ऑफिस में अलार्म बजने लगा। वहां के अधिकारियों ने सैफई थानाध्यक्ष को जानकारी दी। थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। रविवार सुबह हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रबंधक विकास व सहायक प्रबंधक मनीष, आरओयू प्रशांत शर्मा भी मौका मुआयना किया। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम लाइन में 10 लाख लीटर ऑयल प्रति घंटे सप्लाई होता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर कुछ बोरियां मिली हैं, जिन पर अंकित नाम लिखा है। बोरियां के आधार पर जांच शुरू कर दी है।