इटावा। कानपुर जाने के लिए जिले के लोगों को एक और पैसेंजर ट्रेन मिलने जा रही है। अभी कानपुर से फफूंद तक आने वाले ट्रेन का इटावा स्टेशन तक विस्तार कर दिया गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
सांसद कठेरिया ने सिंचाई विभाग के अतिथिगृह में पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कानपुर-फफूंद ट्रेन को इटावा और आगरा-इटावा पैजेंजर ट्रेन को फफूंद तक विस्तार रेलवे ने कर दिया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में दो अलग-अलग दिनों में दोनों ट्रेनों को विस्तारित स्टेशनों तक शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने बताया कि रामनगर क्रॉसिंग पर आरओबी का एस्टीमेट और नक्शा भी बनाया जा चुका है। बजट भी मिल गया है। अप्रैल में आरओबी निर्माण के लिए भूमि पूजन कर दिया जाएगा। इसी वर्ष आरओबी निर्माण का काम पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। पासपोर्ट कार्यालय भी जल्द ही शुरू हो जाएगा। सैफई हवाई पट्टी को एयरपोर्ट बनाने से लेकर पचनद को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए काम चल रहा है।