ओवरलोड ट्रकों के कारण आएदिन बिजली के तार टूटने की समस्या से त्रस्त सूखाताल और आसपास के ग्रामीणों ने सोमवार को सूखाताल चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
सूखाताल और आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि दो माह से मानिकपुर मोड़ से आगे मार्ग पर ओवरलोड ट्रक निकलते हैं। इन ट्रकों में लगी बल्लियाें से बिजली के तार टूट जाते हैं। इससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। नलकूपों से सिंचाई भी नहीं हो पाती है।
शिकायत के बाद भी समस्या पर ध्यान न देने से कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। किसानों की फसल सिंचाई न होने के कारण चौपट हो गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस और विद्युत विभाग वाले ओवरलोड ट्रक पास कराने का शुल्क लेते हैं। लोगों ने समस्या का समाधान न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।