फोटो: 16 एजेंसी के बाहर नारेबाजी करते उपभोक्ता। संवाद
जसवंतनगर। कस्बा के बस स्टैंड के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर व्याप्त अव्यवस्थाओं के चलते उपभोक्ताओं को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को सुबह से शाम तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। इसके बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा है। इसको लेकर गुरुवार को लोगों ने एजेंसी पर नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर तैनात कर्मचारी उन्हें गैस सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर सही जानकारी नहीं देते हैं। लाइन में लगने के बाद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं देते और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टाल दिया जाता है। कभी बुकिंग का हवाला दिया जाता है तो कभी केवाईसी या कागजी कमी बताकर गैस देने से मना कर दिया जाता है।
कई लोग पिछले तीन-चार दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल रही। गैस एजेंसी की इन अव्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और जिला प्रशासन से व्यवस्थाओं में सुधार कराए जाने की मांग की। गांव मलाजनी निवासी राधेश्याम, शहनाज बेगम, नवलेश कुमार और अजब सिंह ने बताया कि उन्हें पहले पर्ची दे दी गई थी, लेकिन अभी तक गैस नहीं मिली है।
वह रोजाना लाइन में लगते हैं और अंत में निराश होकर घर लौट जाते हैं। वहीं निलोई गांव निवासी शहनाज बेगम ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लिया था और 26 मार्च को बुकिंग कराने के बावजूद अब तक सिलिंडर नहीं मिला।