मैनपुरी के सांसद तेजप्रताप सिंह यादव ने बुधवार को दो टूक लहजे में अफ सरों को चेताया। साथ ही कहा कि वे सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने से बाज आएं। लाभकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचने में अवरोध पैदा करना बंद कर दें नहीं तो कार्रवाई झेलने को तैयार रहें।
सांसद यादव बुधवार को नगर के कन्या माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित दर्जा मंत्री अशोक यादव और स्वयं के नागरिक अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम जनता की सरकार है। इस सरकार ने सबसे अधिक गरीब और कमजोर तबके की मदद के लिए योजनाएं बनाई हैं।
किसानों की मदद करने के लिए भी सरकार कटिबद्ध है। इस मौके पर उन्होंने पार्टीजनों से अपील की कि बूथ और सेक्टर कमेटियों का गठन कर 2017 के चुनाव की तैयारियों में वे जोरशोर से जुट जाएं।
इससे पूर्व सांसद तेज प्रताप और दर्जा मंत्री अशोक यादव का बैंड बाजों से स्वागत कर 11 और 21 किलो की फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस दौरान अपने अभिनंदन से गदगद दर्जा मंत्री अशोक यादव ने कहा कि सरकार ने दर्जा पद देकर जो हम पर कर्जा चढ़ाया, उसकी भरपाई पार्टी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर और योजनाओं का लाभ आम आदमी को दिलवाकर चुकता करेेंगे।
गौरतलब है कि समारोह में कई वक्ताओं के अलावा महिला मोर्चे की जिला महासचिव सत्यवती यादव ने समाजवादी पेंशन समेत अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में अफसरों की शिकायतों का मंच से मुखर विरोध किया था।
इस पर सांसद तेज प्रताप ने कहा कि गड़बड़ी करने वाले अफ सरों को चिह्नित कर हमें बताएं। हम उन्हें शासन से 24 घंटे के अंदर निलंबित और दंडित कराएंगे।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, महासचिव राजीव यादव, प्रो ब्रजेश चंद्र यादव, महावीर सिंह यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष खन्ना यादव, प्राचार्य कप्तान सिंह यादव, सुभाष चंद्र गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष अनिल प्रताप यादव विनोद यादव, शिवकांत जैन, अरुण दुबे, अशोक क्रांतिकारी, अरविंद बघेल, कमलेश यादव, शमीमा बेगम ,माया देवी, अमरनाथ गुप्ता, हाजी रफीक मियां, सुरेंद्र जैन, बाबा राजवीर सिंह यादव, पिंकी यादव, ताले सिंह यादव, सभासद राशिद सिद्दीकी मौजूद रहे।