शहर के माया मैरिज हॉल में रविवार की शाम को पुलिस सहित अन्य विभागीय अफसरों के साथ व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में व्यापारियों ने अफसरों के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। एसएसपी मंजिल सैनी ने नो एंट्री में एक घंटे की छूट देने का आश्वासन दिया।
बैठक में बिजली विभाग के अफसरों से व्यापारियों ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से जो नए मीटर लगवाए जा रहे हैं वह तेज रफ्तार से चलते हैं। इसलिए इन मीटर की जांच कराई जाए। व्यापारियों ने एसएसपी के समक्ष बदहाल यातायात व्यवस्था का भी रोना रोया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि बाजारों में आए दिन जाम की स्थिति रहती है।
पूर्व में लागू मिड लाइन पार्किंग व्यवस्था से जाम की समस्या से राहत मिली थी, लेकिन यह व्यवस्था बंद कर दी गई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने नो एंट्री में एक घंटे की छूट दिए जाने की मांग की। तहबाजारी के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई।
एसएसपी मंजिल सैनी ने नो एंट्री में एक घंटे की छूट देने के साथ ही अवैध रूप से तहबाजारी करने वालों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। व्यापार में व्यापार मंडल अध्यक्ष अनंत अग्रवाल, महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव, सुनील जैन, बृजेश चौरसिया, राजेंद्र सिंह, मनीष गुप्ता, प्रत्यूष वर्मा, तरुण सिंह, प्रिंस अग्रवाल, संतोष सोनी, महेंद्र भारती दुबे, डा. आशीष दीक्षित, रविशंकर अग्रवाल, राजू टंच वाले सहित प्रमुख व्यापारी व पुलिस और संबंधित विभागों के अफसर रहे।