बकेवर। कस्बा के 50 शैया अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर की लिखी बाहर की दवा दिए जाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ने का आरोप परिजनों ने लगाया है। इसको लेकर बच्चे के परिजनों ने अस्पताल के सीएमएस से इसकी लिखित शिकायत की है। सीएमएस ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
लखना के माहेश्वरी मुहाल निवासी शालिनी गुप्ता ने सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह शुक्रवार को अपने ढाई साल के बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाई थीं। अस्पताल के कमरा नंबर आठ में उसने बच्चे को दिखाया। इस पर डॉक्टर ने अस्पताल की दवा लिखने के साथ ही दो सिरप बाहर मेडिकल स्टोर से लेने और पांच-पांच एमएल पिलाने को बताया।
महिला का आरोप है कि बच्चे को सिरप पिलाने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। मामले पर सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी ने बताया कि अस्पताल में बाहर की दवाई लिखने पर पूरी तरह मनाही है। फिलहाल शिकायतकर्ता को उन्होंने अपने पास से बाहर की दवा के दो सौ रुपये वापस कर दिए हैं और बच्चे को इलाज भी दिया है।