फोटो 35::::पूर्व केंद्रीय मंत्री के बेटे अजय यादव को उनके आवास पर श्रद्धांजलि देते पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। संवाद
- शुक्रवार को जिले के दौरे पर आए सपा मुखिया कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को इटावा के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हस्तशिल्पी बुजुर्ग मीरा पुरवार को सम्मानित किया। वह एक विवाह समारोह में भी शामिल हुए।
शनिवार शाम को अखिलेश यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बलराम सिंह यादव के पुत्र अजय यादव के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वर्गीय अजय कुमार यादव की पत्नी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ताखा पीयूषा यादव, पुत्र एडवोकेट शार्दुल सिंह यादव और सिद्धार्थ सिंह यादव से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इसके बाद, देर शाम अखिलेश यादव छपैटी के नखाशा मोहल्ले में रहने वाली वयोवृद्ध हस्तशिल्पी मीरा पुरवार के आवास पर पहुंचे। उन्होंने मीरा पुरवार को उनके कलात्मक कार्यों के लिए सम्मानित किया। मीरा पुरवार पटसन और अन्य सामग्री का उपयोग करके कलाकृतियां बनाती हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा को कला का एक बड़ा केंद्र बनाया जा सकता है, जिससे न केवल स्थानीय कलाकारों का सम्मान बढ़ेगा बल्कि जिला भी देश-दुनिया के मानचित्र पर अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर भी इस मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने आज एक वयोवृद्ध कलाकार से मिलकर अपना वादा पूरा किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा जिला कला का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। यदि जिला कला उद्योग देश-दुनिया के मानचित्र पर सम्मान और स्थान पाता है, तो उन कलाकारों का भी मान बढ़ेगा जो हर संघर्ष के बीच इस कला को जीवित रखने के लिए प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, सर्वेश शाक्य, सपा नेता उदयभान यादव, बिट्टू यादव, जितेन्द्र यादव, डॉ. बीके गुप्ता, डॉ. आलोक दीक्षित सहित कई अन्य समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।