फोटो: 32::: अगूपुरा-रिटोली माइनर से निकलता पानी। संवाद
- खेतों में डाली गई धान की नर्सरी पानी में डूबी, किसानों को बड़ा नुकसान
- किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लगाया सूचना के बाद भी देरी से पहुंचने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बसरेहर क्षेत्र के गांव पत्तापुरा नहर पुल से निकली अगूपुरा-रिटोली माइनर की बुधवार रात खंदी फट जाने से आस पास के किसानाें की 100 बीघा से अधिक फसल जलमग्न हो गई। खेतों में पानी भर जाने से धान की तैयार की जा रही नर्सरी पानी में डूब गई। जिससे पौध सड़ने की आशंका से किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि माइनर टूटने की सूचना सुबह करीब आठ बजे सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दे दी गई थी। इसके बावजूद विभागीय टीम करीब 11 बजे मौके पर पहुंची। अधिकारियों के देर से पहुंचने को लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते माइनर की मरम्मत शुरू कर दी जाती तो फसलों को इतना नुकसान नहीं होता। जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसल और धान की नर्सरी बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है, जिससे उन्हें बड़ा नुकसान होगा। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से माइनर की तत्काल मरम्मत कराने, जल निकासी की व्यवस्था करने और प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया।
विभाग के एई प्रतीक आनंद ने बताया कि माइनर में खंदी होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद जेई को भेजकर उसे दुरस्त करवा दिया गया था।